HomeUncategorizedमुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ विश्वप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक भोरमदेव धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की, मंदिर की परिक्रमा की और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित पंच दिवसीय महा चतुर शुद्धि सहस्र कलशम् महाअनुष्ठान में भी सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर उन्होंने प्रदेश की उन्नति, सामाजिक सद्भाव और लोकमंगल के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भोरमदेव धाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन प्राचीन वैदिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि 30 जुलाई से श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है और पिछले दो वर्षों की तरह इस वर्ष भी वे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ भोरमदेव धाम पहुंचकर कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति और आस्था की जीवंत परंपरा का प्रतीक है।

उल्लेखनीय है कि श्री महादिव्य देशम फाउंडेशन के तत्वावधान में 25 जुलाई से शुरू हुआ यह पंच दिवसीय महाअनुष्ठान कबीरधाम सहित पूरे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण की भावना से आयोजित किया जा रहा है। फाउंडेशन के प्रमुख राजीव राकुल स्वामी (केरल) के अनुसार यह अनुष्ठान प्राण-प्रतिष्ठित मंदिरों के शुद्धिकरण और दिव्य ऊर्जा के पुनर्संचार की प्राचीन वैदिक परंपरा पर आधारित है, जिसे भगवान परशुराम स्रोतम एवं आगम शास्त्रों में वर्णित विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जा रहा है।

इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वैदिक आचार्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
light rain
29.2 ° C
29.2 °
29.2 °
72 %
6kmh
99 %
Wed
29 °
Thu
31 °
Fri
31 °
Sat
33 °
Sun
32 °

Most Popular