HomeUncategorizedपुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी...

पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। पुलिसकर्मियों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।

राजधानी रायपुर के शांतिनगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल की सेवा भावना और मनोबल का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी अधिकार नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सेवा और खेल दोनों क्षेत्रों में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है तथा युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में पुलिस की भूमिका सराहनीय

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद ने बस्तर के विकास को बाधित किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति तथा राज्य पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से बस्तर अब विकास और विश्वास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध यह संघर्ष लोकतंत्र, विकास और मानवता की रक्षा का अभियान था।

उन्होंने घायल पुलिस जवानों के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि अस्पतालों में उपचार के दौरान भी जवानों के चेहरे पर निराशा नहीं, बल्कि दोबारा मोर्चे पर लौटने का संकल्प दिखाई देता था। यही जज़्बा आज छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत बन गया है।

मीडिया की सकारात्मक भूमिका की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया चौथे स्तंभ की भूमिका निभाता है। पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को समाज तक पहुंचाने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। सकारात्मक पत्रकारिता समाज में विश्वास और उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करती है।

डीजीपी ने भी की पहल की सराहना

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि मीडिया संस्थान द्वारा पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज की अपेक्षाओं को सामने लाती है, जिससे पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद के कमजोर होने से सबसे अधिक राहत उन परिवारों को मिली है, जिनके सदस्य वर्षों तक चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देते रहे।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ के तहत नवाचार, सामुदायिक पुलिसिंग, संवाद से समाधान, सोशल मीडिया जनजागरूकता, नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल, महिला सुरक्षा, वूमेन हेल्पलाइन, साइबर अपराध नियंत्रण तथा अनुसंधान एवं अन्वेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
light rain
29.2 ° C
29.2 °
29.2 °
72 %
6kmh
99 %
Wed
29 °
Thu
31 °
Fri
31 °
Sat
33 °
Sun
32 °

Most Popular