HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु...

छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, खिलाड़ियों को मिली प्रोत्साहन राशि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव राज्य के खेल विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

राजधानी रायपुर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में मुख्यमंत्री ने मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस कॉन्क्लेव में देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति-निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, विशेषज्ञों और खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना के विकास पर मंथन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों से राज्य के खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिला है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में लगभग चार लाख और सरगुजा ओलंपिक में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। साथ ही, प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को घोषित प्रोत्साहन राशि प्रदान की। छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते थे।

स्वर्ण पदक विजेता

  • निकिता (भारोत्तोलन)

रजत पदक विजेता

  • रिषिका कश्यप (भारोत्तोलन)
  • अनुष्का भगत (तैराकी)
  • लक्ष्मण सोढ़ी (एथलेटिक्स)
  • अभिषेक (एथलेटिक्स)
  • डमरू कुमार (एथलेटिक्स)
  • गजेन्द्र ठाकुर (एथलेटिक्स)
  • तिलक बारसे (एथलेटिक्स)

कांस्य पदक विजेता

  • मनीष कुमार (एथलेटिक्स)
  • निखिल खलको (तैराकी)
  • लक्की बाबू (भारोत्तोलन)

मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता को 2 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। वहीं टीम स्पर्धाओं में महिला फुटबॉल टीम को स्वर्ण पदक के लिए 22 लाख रुपये, पुरुष फुटबॉल टीम को रजत पदक के लिए 16.50 लाख रुपये तथा पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक के लिए 9 लाख रुपये प्रदान किए।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
light rain
29.2 ° C
29.2 °
29.2 °
72 %
6kmh
99 %
Wed
29 °
Thu
31 °
Fri
31 °
Sat
33 °
Sun
32 °

Most Popular